हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुजुर्गों के सम्मान और कल्याण को प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बुजुर्गों के हितों की हमेशा चर्चा करते आए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के संकल्प पत्र के अनुसार 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में उनके इलाज की जिम्मेदारी उनके परिवार की नहीं होगी, बल्कि मोदी सरकार और हरियाणा सरकार इसे सुनिश्चित करेगी। इसी योजना के तहत 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सैनी बीती रात पिहोवा के शांति फार्म में आयोजित शादी समारोह में नवविवाहितों को आशीर्वाद देने पहुंचे। उनके साथ कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, खेल मंत्री गौरव गौतम और कालका विधायक शक्ति रानी भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने पेंशन लाभार्थियों से संबंधित मुद्दों पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 1 लाख 3 हजार पेंशन लाभार्थियों की मृत्यु के बाद उनकी पेंशन रोक दी गई थी। अक्टूबर 2024 से तकनीकी कारणों से रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया पोर्टल से मृतकों का डाटा प्राप्त नहीं हो पाया था। नवंबर 2025 में डाटा मिलने के बाद संबंधित मृतकों की पेंशन रोक दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ मामलों में पेंशन स्वीकृति में डाटाबेस में छेड़छाड़ हुई थी या आय आधारित पात्रता का वेरिफिकेशन स्थानीय और सेक्टर समिति द्वारा नहीं किया गया। ऐसे मामलों में लाभार्थी आय का प्रमाण प्रस्तुत करेंगे तो उसका त्वरित सत्यापन कर पेंशन बहाल कर दी जाएगी।




