Emmanuel Macron चार दिवसीय भारत यात्रा पर 16 फरवरी को मुंबई पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे प्रधानमंत्री Narendra Modi से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और एआई इम्पैक्ट समिट 2026 समेत कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस यात्रा को भारत-फ्रांस संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रपति मैक्रों सोमवार देर रात लगभग 11:30 बजे Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों भी होंगी।
17 फरवरी को दोपहर 3:15 बजे मुंबई के लोक भवन में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इस दौरान ‘हॉरिजोन 2047 रोडमैप’ के तहत रक्षा, नवाचार, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद विभिन्न समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान होगा और संयुक्त बयान जारी किया जाएगा।शाम 5:20 बजे होटल ताज पैलेस में भारत-फ्रांस इनोवेशन फोरम आयोजित होगा। इसके बाद रात 8:15 बजे Gateway of India पर ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन एंड कल्चरल कमेमोरेशन’ कार्यक्रम में दोनों नेता शामिल होंगे। वर्ष 2026 को भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर के रूप में मनाने की औपचारिक शुरुआत इसी कार्यक्रम से होगी। मुंबई में कार्यक्रमों के बाद दोनों नेता साथ में दिल्ली रवाना होंगे।
एआई इम्पैक्ट समिट में वैश्विक नेताओं की मौजूदगी
18 फरवरी को दोपहर 1 बजे राष्ट्रपति मैक्रों नई दिल्ली स्थित Bharat Mandapam पहुंचेंगे, जहां वे एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेंगे। इस समिट में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नई डिजिटल तकनीकों और वैश्विक सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी। 19 फरवरी को समिट के उद्घाटन सत्र में मैक्रों और प्रधानमंत्री मोदी सहित कई वैश्विक नेता मौजूद रहेंगे।विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई गति देगा। खासतौर पर इनोवेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रक्षा, संस्कृति और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग पर जोर रहेगा। दोनों नेता समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।इस यात्रा को भारत और फ्रांस के बीच दीर्घकालिक भरोसे और सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




