देहरादून। राजधानी देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती क्रिकेटर ऋषभ पंत को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। ऋषभ पंत को अब आईसीयू से निकाल कर प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। पांच विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम चौबीसों घंटे उनकी सेहत पर नजर रखे हुए है। मैक्स अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि ऋषभ पंत काफी तेजी से रिकवर कर रहे हैं। साथ ही ऋषभ पंत के पैर के लिगामेंट का इलाज कहा होगा, इसका निर्णय बीसीसीआई को लेना है।
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के धुंआधार बल्लेबाज ऋषभ पंत का दो दिन पहले दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर कार का एक्सीडेंट हो गया था। उनकी कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई और उसके पलटने के बाद कार में आग लग गई जिसमें पंत बाल-बाल बच गए। रुड़की के पास हुए इस हादसे में घायल पंत को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिसके बाद उनको देहरादून के मैक्स अस्पताल में रेफर कर दिया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
ऋषभ पंत के एक्सीडेंट में लगे चोट को देखते हुए अनुमान लगया जा रहा कि उन्हें टीम में वापसी करने में काफी समय लग सकता है। लिगामेंट इंजरी को ठीक होने में आमतौर पर दो से छह महीने लग सकते हैं, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार ऋषभ तेजी से रिकवरी कर रहे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि वह सही समय रहते वापसी कर लेंगे।




