नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद और उसके करीबी सहयोगी सैफुल्ला कसूरी ने भारत के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक बार फिर भड़काऊ बयान दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में लश्कर के डिप्टी चीफ और पहलगाम आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड सैफुल्ला कसूरी ने दावा किया कि हाफिज सईद ने भारत की सैन्य कार्रवाई को “खाली धमकी” बताया है।
वायरल वीडियो में क्या कहा गया
वीडियो में कसूरी यह दावा करता नजर आता है कि वह लगभग डेढ़ महीने पहले एक बैठक (मजलिस) में शामिल हुआ था, जिसमें हाफिज सईद भी मौजूद था। कसूरी के अनुसार, उस बैठक में भारत की ओर से लगातार मिल रही चेतावनियों पर सवाल उठाया गया, जिस पर हाफिज सईद ने कथित तौर पर कहा कि भारत की धमकियों से डरने की जरूरत नहीं है। उसने यह भी दावा किया कि भारत पहले ही “इतना झटका” खा चुका है कि वह अगले कई दशकों तक लश्कर-ए-तैयबा पर हमला करने की हिम्मत नहीं करेगा।
पाकिस्तान सरकार लंबे समय से यह दावा करती रही है कि हाफिज सईद जेल में बंद है, लेकिन सैफुल्ला कसूरी के इस वीडियो ने उन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में यह संकेत मिलता है कि लश्कर का सरगना खुलेआम बैठकों में हिस्सा ले रहा है। गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र ने हाफिज सईद को वैश्विक आतंकी घोषित कर रखा है। कसूरी ने यह भी दावा किया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद लश्कर-ए-तैयबा के कमांडरों ने पाकिस्तान में बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की है। उसने कहा कि भारत ने केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर “गलती” की है और संगठन अपने एजेंडे से पीछे हटने वाला नहीं है।
वीडियो में कसूरी ने कश्मीर सहित कई भारतीय क्षेत्रों को लेकर भ्रामक और भड़काऊ दावे किए। उसने आरोप लगाया कि ये इलाके पाकिस्तान का हिस्सा हैं और लश्कर इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाएगा। ऐसे बयान पहले भी भारत द्वारा सिरे से खारिज किए जाते रहे हैं। अपने बयान में कसूरी ने यह कहने की कोशिश की कि भारत की कार्रवाई के बावजूद लश्कर-ए-तैयबा दबाव में नहीं आएगा। उसने यह भी कहा कि संगठन पर लगाए गए प्रतिबंध या आतंकी घोषित किए जाने से उसके इरादों में कोई बदलाव नहीं आएगा।




