Regional

CM नायब सैनी ने ‘प्रगति’ प्लेटफॉर्म की सराहना की, बताया विकास को रफ्तार देने वाला मॉडल

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्र सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘प्रगति’ की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने और आम जनता की शिकायतों के समयबद्ध निपटारे में प्रभावी साबित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि ‘प्रगति’ के माध्यम से केंद्र, राज्य सरकार और विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हुआ है। इस प्लेटफॉर्म की खासियत यह है कि योजनाओं और परियोजनाओं की वास्तविक समय में निगरानी संभव हो पाती है। उन्होंने इसे पारदर्शिता, जवाबदेही और नतीजों पर केंद्रित शासन प्रणाली का सशक्त उदाहरण बताया। उनके अनुसार, यह मंच ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक मजबूत आधार बनकर उभरा है, जिससे जनकल्याण योजनाओं को तय समय में जमीन पर उतारा जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जानकारी दी कि हरियाणा में कुल 112 प्रमुख परियोजनाएं इस डिजिटल निगरानी प्रणाली के तहत शामिल हैं। इनमें से 57 परियोजनाएं पूरी होकर चालू हो चुकी हैं, जबकि शेष 55 परियोजनाएं लगभग 5.44 लाख करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न चरणों में निर्माण और क्रियान्वयन की प्रक्रिया में हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं में से 13 की समीक्षा ‘प्रगति’ मंच पर की गई है। इन परियोजनाओं का संबंध सड़क और राजमार्ग, तेल एवं गैस, बिजली, रेलवे और रियल एस्टेट जैसे अहम क्षेत्रों से है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल राज्य की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, बल्कि औद्योगिक ढांचे को भी मजबूती मिली है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH