Top NewsUttarakhand

उत्तराखंड में भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग, देहरादून द्वारा 29 जून को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा की चेतावनी दी है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ सकता है. ऐसे में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राज्य के सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है. आज सभी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी की घोषणा की गई है.

पूर्वानुमान के अनुसार 30 जून को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जिनके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. बाकी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा, 1 और 2 जुलाई को पूरे राज्य में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 3 जुलाई को बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और नैनीताल में फिर से भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. स्थानीय प्रशासन को आवाजाही पर नजर रखने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और राहत टीमें तैनात रखने को कहा गया है. आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे.

राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एडीबी, बीआरओ, सीपीडब्ल्यूडी जैसे विभागों को कहा गया है कि बारिश के कारण यदि कोई सड़क बाधित होती है तो उसे तुरंत खोलने की व्यवस्था करें. वहीं, सभी राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और पंचायत अधिकारी को अपने कार्यक्षेत्र में अनिवार्य रूप से डटे रहने के निर्देश दिए गए हैं.

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH