RegionalTop News

हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की घोषणा, कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर बनेंगे मंत्री, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया ऐलान

हिमाचल प्रदेश की राजनीति में बजट सत्र के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में घोषणा की कि कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को जल्द ही मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। यह घोषणा उस समय हुई जब सदन में आरडीजी पर नियम 102 के तहत लाए गए सरकारी संकल्प पर चर्चा चल रही थी। चर्चा के दौरान सुंदर सिंह ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे सदन का माहौल गरमा गया। स्थिति को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं खड़े हुए और उन्होंने ऐलान किया कि सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाया जाएगा तथा इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष को भी आमंत्रित किया जाएगा।

घोषणा के बाद सदन की कार्यवाही सामान्य हो गई। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने व्यवस्था देते हुए कहा कि चर्चा के दौरान की गई व्यक्तिगत टिप्पणियां और असंसदीय शब्द कार्यवाही से हटाए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित कुल 12 मंत्री हो सकते हैं। फिलहाल एक पद रिक्त है। पिछले तीन वर्षों से इस पद पर किसी मंत्री की नियुक्ति नहीं की गई थी, हालांकि समय-समय पर कैबिनेट विस्तार की अटकलें लगती रही हैं। वर्तमान में शिमला जिले से तीन मंत्री, कांगड़ा से दो, जबकि बिलासपुर, सिरमौर, सोलन, ऊना और किन्नौर से एक-एक मंत्री मंत्रिमंडल में शामिल हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू को मिलाकर अभी कुल 11 पद भरे हुए हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH