नई दिल्ली। दुबई एयर शो के दौरान शुक्रवार को भारतीय वायुसेना का तेजस फाइटर जेट हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में विमान के पायलट विंग कमांडर नमन स्याल की मौत हो गई। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि उड़ान भरने के तुरंत बाद तेजस ने नियंत्रण खो दिया और जमीन पर गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई।
भारतीय वायुसेना ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान भारतीय वायुसेना का एक तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में पायलट को गंभीर चोटें आईं। वायुसेना इस दुखद दुर्घटना में हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त करती है और शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की जा रही है।”
कौन थे विंग कमांडर नमन स्याल
34 वर्षीय विंग कमांडर नमन स्याल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पटियालकर गांव के रहने वाले थे। वे हैदराबाद एयरबेस पर पोस्टेड थे और अपने अनुशासन व उत्कृष्ट सर्विस रिकॉर्ड के लिए पहचाने जाते थे। उनके परिवार में पत्नी, छह साल की बेटी और माता-पिता शामिल हैं। उनकी पत्नी भी भारतीय वायुसेना में अधिकारी हैं। उनके पिता जगरनाथ स्याल भी एजुकेशन डिपार्टमेंट में प्रिंसिपल के पद पर काम करने से पहले भारतीय सेना में कार्यरत थे। परिवार के करीबी लोगों के मुताबिक, स्याल का जल्द ही प्रमोशन होना था। उनके बहनोई रमेश कुमार ने बताया कि “वह बेहद विनम्र और समर्पित अधिकारी थे। मात्र 34 वर्ष की उम्र में स्क्वाड्रन लीडर बनने तक का सफर तय किया। पूरे गांव में गहरा सदमा है।”
हिमाचल में शोक की लहर
विंग कमांडर स्याल के निधन की खबर से कांगड़ा जिले और पूरे हिमाचल में शोक की स्थिति है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि यह देश के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा, “हिमाचल ने एक वीर, साहसी और कर्तव्यनिष्ठ सपूत खो दिया है। उनकी वीरता और समर्पण को सच्ची श्रद्धांजलि।”शहीद नमन स्याल के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाया जाएगा और उनके पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।




