EntertainmentTop News

रिलीज से कुछ घंटे पहले ‘द केरल स्टोरी 2’ पर रोक, हाईकोर्ट ने 15 दिन के लिए लगाई अंतरिम स्टे

कोच्चि/मुंबई। सेंसर बोर्ड से अनुमति मिलने के बावजूद फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ को रिलीज से ठीक पहले बड़ा झटका लगा है। केरल हाईकोर्ट ने गुरुवार को फिल्म की रिलीज पर 15 दिनों के लिए अंतरिम रोक लगा दी। अदालत ने प्रारंभिक सुनवाई में कहा कि फिल्म पहली नजर में सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती है और किसी विशेष समुदाय को बदनाम करने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने यह भी संकेत दिया कि ऐसी संवेदनशील विषयवस्तु वाली फिल्म की गहन समीक्षा जरूरी है। साथ ही सेंसर प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए। हालांकि निर्माताओं ने स्टे के खिलाफ तत्काल अपील दायर की है, जिस पर सुनवाई के लिए अदालत सहमत हो गई है। इससे फिल्म की तय समय पर रिलीज को लेकर हल्की उम्मीद बनी हुई है।

सिनेमाघरों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर असमंजस

हाईकोर्ट के आदेश के बाद देशभर में सिनेमाघरों और ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर भ्रम की स्थिति बन गई है। पीवीआर, आईनॉक्स और सिनेपोलिस जैसी प्रमुख चेन ने टिकटिंग प्लेटफॉर्म से फिल्म के शो हटा दिए हैं। वहीं कुछ शहरों में शुक्रवार सुबह तक टिकट बुकिंग जारी रही, जिससे दर्शकों में संशय की स्थिति बनी रही कि फिल्म रिलीज हुई है या नहीं।मुंबई और दिल्ली के कुछ सिनेमाघरों में टिकट उपलब्ध दिखने के कारण सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई। अलग-अलग थिएटरों की अलग जानकारी से दर्शकों के बीच भ्रम और बढ़ गया है।

सोशल मीडिया पर बहस तेज

कुछ सिनेमाघरों ने कानूनी कारणों का हवाला देते हुए फिल्म को ‘होल्ड’ पर बताया, जबकि अन्य ने शो जारी रहने की बात कही। इस विरोधाभासी जानकारी के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने सवाल उठाए कि जब अदालत ने रोक लगाई है तो टिकट कैसे उपलब्ध हैं। इससे साफ है कि सिनेमाघरों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बीच सूचना का समन्वय पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है और निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है। इसमें उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिलहाल निर्माताओं की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है और इंडस्ट्री की नजरें हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH