ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के पहले मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऐसी शानदार पारी खेली, जिसने न सिर्फ भारत को मुश्किल हालात से बाहर निकाला, बल्कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बड़ा रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए।
इस पारी में सूर्यकुमार ने 10 चौके और 4 छक्के जड़े। यह उनके T20 करियर का 63वां अर्धशतक रहा, जबकि T20 वर्ल्ड कप में यह उनका छठा अर्धशतक है। इसके साथ ही वह इस टूर्नामेंट में 50 से ज्यादा चौके लगाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए। यही नहीं, यह पारी T20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई चौथी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी है।
T20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी भारतीय पारियां
सुरेश रैना – 101
रोहित शर्मा – 92
विराट कोहली – 89 नाबाद
सूर्यकुमार यादव – 84 नाबाद
भारत की शुरुआत इस मुकाबले में बेहद खराब रही। पावरप्ले के अंदर ही चार विकेट गिर गए और स्कोर 46 रन पर 4 विकेट हो गया। ऐसे दबाव भरे हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को 161 रन तक पहुंचाया।
धोनी और गंभीर से आगे निकले सूर्यकुमार
इस पारी के साथ सूर्यकुमार यादव ने T20 वर्ल्ड कप में एमएस धोनी और गौतम गंभीर को रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ दिया। अब उनके नाम 18 मैचों में 564 रन दर्ज हो चुके हैं। इसके साथ ही वह उन चुनिंदा भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने T20 वर्ल्ड कप में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। अब सूर्यकुमार के पास युवराज सिंह को पीछे छोड़ने का भी मौका है।
T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
विराट कोहली – 1292
रोहित शर्मा – 1220
युवराज सिंह – 593
सूर्यकुमार यादव – 564
संकट में कप्तान की यादगार पारी
मैच के दौरान सूर्यकुमार यादव ने अक्षर पटेल के साथ अहम साझेदारी करते हुए भारत को 100 रन के पार पहुंचाया। अंतिम ओवरों में उन्होंने सौरभ नेत्रवलकर के खिलाफ लगातार बाउंड्री लगाकर स्कोर को मजबूती दी। T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव अब तक 99 पारियों में 3114 रन बना चुके हैं। वहीं, कुल T20 क्रिकेट में उनके नाम 352 मैचों में 9301 रन दर्ज हैं, जिसमें 413 छक्के शामिल हैं।




