InternationalNationalTop News

मिडिल ईस्ट संकट पर सक्रिय भारत, पीएम मोदी ने ओमान और मलेशिया के नेताओं से की बात

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत ने कूटनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से बातचीत कर क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा की।

तीनों नेताओं के बीच बातचीत में मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष को कम करने और क्षेत्र में शांति व स्थिरता बहाल करने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों नेताओं से अलग-अलग टेलीफोन वार्ता में संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई।

ओमान के सुल्तान से बातचीत में शांति पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने सुल्तान हैथम बिन तारिक से बातचीत कर ओमान के लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम करने और स्थायी शांति बहाल करने के लिए संवाद को जरूरी बताया।भारत ने ओमान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की निंदा दोहराई। साथ ही संकट के दौरान भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के प्रयासों की सराहना भी की गई।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सुरक्षित नौवहन पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों वार्ताओं में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सुरक्षित और निर्बाध नौवहन की अहमियत पर भी जोर दिया। यह मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

मलेशिया के पीएम से भी की चर्चा

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से बातचीत में पीएम मोदी ने ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की गंभीर स्थिति पर चिंता जताई और जल्द से जल्द शांति बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।

लगातार संपर्क में भारत

गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से खाड़ी क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी लगातार वैश्विक नेताओं से संपर्क में हैं। इससे पहले भी वे सऊदी अरब, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन, इजरायल और ईरान के नेताओं से बातचीत कर स्थिति को शांत करने के प्रयास कर चुके हैं। भारत की ओर से लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि विवादों का समाधान संवाद और कूटनीति से ही संभव है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH