राजधानी दिल्ली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सबसे बड़े आयोजन ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का आज से आगाज हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 5 बजे प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। यह एक्सपो 16 से 20 फरवरी तक ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के साथ आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह आयोजन एआई के व्यावहारिक उपयोग को प्रदर्शित करने का एक राष्ट्रीय मंच होगा, जहां नीति और व्यवहार का समन्वय दिखाई देगा। इसका उद्देश्य नवाचार को व्यापक स्तर पर लागू करना और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी को आम नागरिक तक पहुंचाना है।
दुनियाभर के नेताओं और टेक दिग्गजों की भागीदारी
इस भव्य आयोजन में 7 देशों के राष्ट्रपति, 2 देशों के उपराष्ट्रपति और 9 देशों के प्रधानमंत्री शामिल होंगे। साथ ही, दुनिया की प्रमुख टेक कंपनियों के सीईओ और करीब 2 लाख से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। पांच दिवसीय कार्यक्रम में 25 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की संभावना जताई गई है।
यह एक्सपो 70,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले 10 एरेना में आयोजित होगा। इसमें वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियां, स्टार्टअप, शिक्षाविद, अनुसंधान संस्थान, केंद्रीय मंत्रालय, राज्य सरकारें और अंतरराष्ट्रीय भागीदार एक मंच पर आएंगे।
13 देशों के पवेलियन और 300 से अधिक प्रदर्शनी मंडप
आयोजन में 13 देशों के पवेलियन स्थापित किए गए हैं, जो एआई क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करेंगे। इनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
एक्सपो में 300 से अधिक चयनित प्रदर्शनी मंडप और लाइव डेमो होंगे, जिन्हें ‘लोग, ग्रह और उन्नति’ जैसे तीन प्रमुख विषयों के आधार पर तैयार किया गया है।
600 से ज्यादा स्टार्टअप और 500 से अधिक सत्र
इस एक्सपो में 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप भाग ले रहे हैं, जिनमें कई ऐसे हैं जो वैश्विक स्तर पर जनसंख्या-स्तर के समाधान विकसित कर रहे हैं। ये स्टार्टअप वास्तविक दुनिया में उपयोग हो रहे एआई आधारित समाधानों का प्रदर्शन करेंगे।
इसके अलावा, पांच दिनों में 500 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 3,250 से ज्यादा विशेषज्ञ वक्ता और पैनल सदस्य शामिल होंगे। इन सत्रों में विभिन्न क्षेत्रों में एआई के परिवर्तनकारी प्रभाव और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा होगी, ताकि एआई का लाभ वैश्विक स्तर पर हर नागरिक तक पहुंच सके।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास सघन निगरानी रखी जा रही है। एंटी-ड्रोन सिस्टम और मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम लगाए गए हैं, जो किसी भी संदिग्ध ड्रोन को निष्क्रिय करने में सक्षम हैं। साथ ही, 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
17 फरवरी से आम जनता के लिए खुला
आयोजकों की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, 16 फरवरी को उद्घाटन समारोह के कारण प्रदर्शनी क्षेत्र आम जनता के लिए बंद रहेगा। 17 फरवरी से यह एक्सपो सभी आगंतुकों के लिए खोल दिया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र में नई साझेदारियों को बढ़ावा देना और व्यावसायिक अवसरों का सृजन करना है।




