ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। अहमदाबाद में खेले जाने वाले इस खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम के पास कई बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका है। अगर भारत न्यूजीलैंड को हरा देता है, तो वह अपने घर में T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगा। साथ ही टीम इंडिया लगातार दो बार T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भी पहली टीम बन सकती है, क्योंकि अब तक किसी भी टीम ने इस टूर्नामेंट का खिताब लगातार दो बार नहीं जीता है।
हालांकि भारत के सामने चुनौती आसान नहीं होगी। T20 वर्ल्ड कप में अब तक भारत और न्यूजीलैंड तीन बार आमने-सामने आए हैं और तीनों ही मुकाबलों में जीत न्यूजीलैंड को मिली है। ऐसे में भारतीय टीम इस बार कीवी टीम के खिलाफ टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए खिताब पर कब्जा करना चाहेगी। वहीं न्यूजीलैंड के लिए भी यह मुकाबला बेहद खास है। अगर कीवी टीम यह फाइनल जीत जाती है, तो वह पहली बार T20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम करेगी। अब तक इस टूर्नामेंट को सिर्फ छह देशों ने जीता है और न्यूजीलैंड के पास सातवीं टीम बनने का मौका है।
पिछले कुछ वर्षों में ICC टूर्नामेंटों में भारतीय टीम का प्रदर्शन मजबूत रहा है। 2023 के बाद से टीम इंडिया चार बार बड़े ICC इवेंट के फाइनल में पहुंच चुकी है। इनमें से दो बार उसने खिताब जीता, जबकि दो बार उसे हार का सामना करना पड़ा। भारत ने 2024 के ICC T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद 2025 ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर एक और ICC खिताब अपने नाम किया था।
हालांकि 2023 में भारत को दो बड़े फाइनल में निराशा भी झेलनी पड़ी थी। ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 और ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को हराकर खिताब जीत लिया था। अहमदाबाद में होने वाले इस फाइनल में भारत के पास एक और बड़ा इतिहास रचने का मौका है। अगर टीम इंडिया जीत दर्ज करती है, तो वह तीन T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच ICC टूर्नामेंटों में कई यादगार मुकाबले हुए हैं। साल 2000 में न्यूजीलैंड ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को हराया था। इसके बाद 2021 में ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी कीवी टीम ने भारत को मात दी थी। हालांकि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर पुराना हिसाब बराबर किया था। अब कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया के पास मौका है कि वह T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और बड़े मुकाबले का हिसाब चुकता करे।




