भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा तय होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इस सहमति को दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास, गहराते संबंधों और साझेदारी की नई ऊर्जा का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का इस दिशा में व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए आभार भी व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत और अमेरिका के लिए यह बहुत अच्छी खबर है। दोनों देशों ने एक अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति जताई है, जो द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत करेगा। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को भारत-अमेरिका संबंधों को आगे बढ़ाने में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि यह फ्रेमवर्क भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दर्शाता है। इससे ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूती मिलेगी और किसानों, उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों सहित कई वर्गों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस समझौते से महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत और अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह फ्रेमवर्क निवेश और टेक्नोलॉजी साझेदारी को और गहरा करेगा, साथ ही मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन के निर्माण में मदद करेगा, जिससे वैश्विक विकास को भी गति मिलेगी। मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, देश भविष्य-उन्मुख वैश्विक साझेदारियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो लोगों को सशक्त करें और साझा समृद्धि में योगदान दें।
गौरतलब है कि भारत और अमेरिका ने शनिवार को अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति की घोषणा की। इसके तहत अमेरिका भारत पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। यह फ्रेमवर्क 13 फरवरी 2025 को राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई व्यापक द्विपक्षीय व्यापार वार्ताओं की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इस समझौते में अतिरिक्त बाजार पहुंच की प्रतिबद्धताएं शामिल होंगी और मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं को समर्थन मिलेगा। दोनों देशों ने इसे पारस्परिक हितों और ठोस परिणामों पर आधारित संतुलित व्यापार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है।




