ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। आज टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और अफगानिस्तान के बीच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम 6 फरवरी को फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी, जिसने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है।
यूथ वनडे क्रिकेट में भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक 12 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 10 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि अफगानिस्तान को सिर्फ 2 बार सफलता मिली है। दोनों टीमें 2024 के बाद पहली बार आमने-सामने होंगी। अफगानिस्तान ने भारत को U19 स्तर पर आखिरी बार 2019 में हराया था और वह अब सात साल से चली आ रही हार की लय को तोड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। हालांकि, बल्लेबाजी कुछ मुकाबलों में दबाव में दिखी है, लेकिन टीम ने हर बार मुश्किल हालात से उबरते हुए जीत हासिल की है। सेमीफाइनल में भारत को एक बार फिर कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
वहीं अफगानिस्तान की टीम अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ U19 वर्ल्ड कप अभियान से गुजर रही है। टीम ने टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक मैच गंवाया है, जो श्रीलंका के खिलाफ रहा। इससे पहले अफगानिस्तान 2018 और 2022 में सेमीफाइनल तक पहुंचा था, लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना सका। इस बार टीम की नजरें इतिहास रचते हुए पहली बार खिताबी मुकाबले में पहुंचने पर टिकी हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भारत अपनी जीत की लय कायम रखता है या अफगानिस्तान उलटफेर कर पहली बार U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश करता है।
भारत बनाम अफगानिस्तान हेड-टू-हेड (यूथ ODI)
कुल मैच: 12
भारत जीता: 10
अफगानिस्तान जीता: 2
स्क्वॉड
भारत U19: आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल, हरवंश पंगालिया, मोहम्मद एनान, उधव मोहन, किशन कुमार सिंह।
अफगानिस्तान U19: उस्मान सादात, खालिद अहमदजई, फैसल शिनोजादा, उजैरुल्लाह नियाजई, महबूब खान (कप्तान/विकेटकीपर), अजीजुल्लाह मियाखिल, अब्दुल अजीज, रूहुल्लाह अरब, नूरिस्तानी उमरजई, वहीदुल्लाह जादरान, अकील खान, नाजीफुल्लाह अमीरी, खातिर स्टानिकजई, सलाम खान, जैतुल्लाह शाहीन।




