नई दिल्ली। एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट के लिए बीसीसीआई ने भारतीय टीम टीम की घोषणा कर दी है। एशिया कप इस बार यूएई में 27 अगस्त से खेला जाएगा। भारतीय टीम में विराट कोहली और केएल राहुल की वापसी हुई है। रोहित शर्मा ही टीम की कमान संभालेंगे। केएल राहुल टीम के उपकप्तान होंगे। इसके अलावा दीपक हुड्डा, अर्शदीप सिंह और आवेश खान टीम में अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे।
बीसीसीआई ने कहा कि जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल चोट की वजह से चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। इस वजह से उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है। भारत ने 15 खिलाड़ियों के साथ तीन खिलाड़ियों को स्टैंडबाय पर रहने भी कहा है। इनमें श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर और अक्षर पटेल शामिल हैं।
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, और आवेश खान।
स्टैंडबाय: श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर और अक्षर पटेल।
ईशान, सैमसन और कुलदीप बाहर
वेस्टइंडीज दौरे पर गए श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, ईशान किशन, संजू सैमसन, कुलदीप यादव और हर्षल पटेल को 15 सदस्यीय टीम में नहीं रखा गया। इनमें से हर्षल चोटिल हैं। अय्यर और अक्षर को स्टैंडबाई के रूप में रखा गया है। सैमसन, किशन और कुलदीप को बाहर कर दिया गया। 27 अगस्त से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान से है। इन दोनों टीमों को ग्रुप ए में रखा गया है। ग्रुप ए में कुल तीन टीमें हैं, भारत और पाकिस्तान के अलावा क्लालिफायर राउंड में जीतने वाली टीम इस ग्रुप में जगह बनाएगी। श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को ग्रुप बी में रखा गया है। इस टूर्नामेंट में 27 अगस्त से 11 सितंबर के बीच कुल 13 मैच खेले जाएंगे।




