International

नोबेल प्राइज विनर ने ट्रंप को दिया अपना अवार्ड, क्या ये है पॉसिबल ? जानिए नियम क्या कहता है

नई दिल्ली। वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो को लेकर हाल ही में एक चर्चा तेज हो गई है। खबर है कि उन्होंने अपना नोबेल शांति पुरस्कार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सौंप दिया। दरअसल, गुरुवार को मचाडो ने व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की थी और इसी दौरान उन्होंने यह पदक उन्हें भेंट किया।

इस मौके पर मारिया मचाडो ने कहा कि वेनेजुएला के 200 साल के इतिहास में यह पहला मौका है, जब वहां की जनता की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति को ऐसा सम्मान दिया गया है। इसके बाद लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा कि क्या कोई नोबेल पुरस्कार विजेता अपना अवॉर्ड किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर कर सकता है?

क्या कहता है नोबेल फाउंडेशन का नियम?

नोबेल फाउंडेशन के नियमों के मुताबिक, एक बार किसी व्यक्ति को नोबेल पुरस्कार दिए जाने की आधिकारिक घोषणा हो जाए, तो वह पुरस्कार स्थायी रूप से उसी व्यक्ति के नाम दर्ज रहता है। इसे न तो किसी और को ट्रांसफर किया जा सकता है और न ही साझा किया जा सकता है। हालांकि, पुरस्कार जीतने वाला व्यक्ति अपनी मर्जी से अपना मेडल या पुरस्कार राशि किसी को दान कर सकता है या भेंट कर सकता है। लेकिन ऐसा करने से सामने वाला व्यक्ति नोबेल पुरस्कार विजेता नहीं कहलाता।

नोबेल लॉरिएट का दर्जा ट्रांसफर नहीं होता

नोबेल पुरस्कार विजेता यानी “नोबेल लॉरिएट” का दर्जा पूरी तरह नॉन-ट्रांसफरेबल होता है। नोबेल फाउंडेशन के नियम स्पष्ट रूप से कहते हैं कि पुरस्कार घोषित होने के बाद न तो उसे रद्द किया जा सकता है, न किसी अन्य व्यक्ति को सौंपा जा सकता है।

प्राइज मनी दान करने की अनुमति

नोबेल पुरस्कार के साथ करीब 11 मिलियन स्वीडिश क्रोनर (लगभग 10.78 करोड़ रुपये) की राशि दी जाती है। इस रकम को विजेता अपनी इच्छा अनुसार दान कर सकता है। इससे पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और रूसी पत्रकार दिमित्री मुराटोव जैसे कई विजेता अपनी पुरस्कार राशि सामाजिक कार्यों में दे चुके हैं।

मेडल की नीलामी भी संभव

नोबेल पुरस्कार का मेडल और डिप्लोमा भौतिक रूप से किसी और को दिया या बेचा जा सकता है। साल 2022 में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता दिमित्री मुराटोव ने अपने मेडल की नीलामी की थी, जो करीब 100 मिलियन डॉलर में बिका। इस रकम का इस्तेमाल यूक्रेन के शरणार्थियों की मदद के लिए किया गया था।

सरल शब्दों में समझें नियम

संक्षेप में कहा जाए तो नोबेल पुरस्कार विजेता अपना मेडल या पुरस्कार राशि दान, उपहार या नीलामी के जरिए किसी को भी दे सकता है। लेकिन नोबेल पुरस्कार विजेता वही व्यक्ति माना जाएगा, जिसके नाम पर पुरस्कार घोषित हुआ है, चाहे उसने अपना मेडल किसी को दे दिया हो या बेच दिया हो।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH