लखनऊ। माफिया मुख्तार अंसारी के लखनऊ में पेशी पर आने की खबर लीक होने के बाद इसकी जांच डीआईजी जेल प्रयागराज संजीव त्रिपाठी को सौंपी गई है। बता दें कि मुख्तार के लखनऊ में पेशी की जानकारी उनके बेटे अब्बास अंसारी को एक दिन पहले ही मिल गई थी, जिसमें उन्होंने अपने पिता की जान को खतरा बताया था। ऐसे में सवाल ये उठता है कि आखिर कौन है वो भेदिया जिसने ये सूचना अब्बास अंसारी तक पहुंचाई थी।
इस संबंध में जेल महानिदेशक आनंद कुमार ने बताया कि कुछ लोगों ने ये सवाल उठाए हैं कि आखिरकार मुख्तार को बांदा जेल से लखनऊ लाया जा रहा था तो ये सूचना बाहर कैसे आई। इस मामले में डीआईजी रैंक के अधिकारी को मामले की जांच दी गई है। उन्हें 7 दिन के भीतर पूरे मामले की रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
कुछ मीडिया माध्यमों में बताया गया है कि सूचना जेल से लीक हुई थी, जिसकी जांच के आदेश दिए गए हैं और सात दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगी गई है।




