SportsTop News

आईपीएल 2026: आरसीबी के खिताब बचाने पर एबी डिविलियर्स का भरोसा, बोले- अब टीम में है जीत की निरंतरता का दम

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और सभी 10 फ्रेंचाइजी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे चुकी हैं। इस बार सबसे ज्यादा नजरें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर रहेंगी, जिसने पिछले सीजन में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर 18 साल बाद अपना पहला खिताब जीता था।

अब सवाल यह है कि क्या आरसीबी अपने खिताब को बरकरार रख पाएगी। इसको लेकर टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स ने बड़ा बयान दिया है। जियो हॉटस्टार के एक शो में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि विराट कोहली को अब यह अहसास हो गया है कि उन्हें अकेले टीम का बोझ उठाने की जरूरत नहीं है। डिविलियर्स के मुताबिक, कोहली के आसपास अब ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जिनमें ट्रॉफी जीतने की भूख साफ दिखाई देती है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले सीजन के मुकाबले टीम के स्क्वाड में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है, जो कि आरसीबी के लिए सकारात्मक संकेत है।

कोहली की फिटनेस और तैयारी को लेकर डिविलियर्स ने भरोसा जताते हुए कहा कि वह लंबे ब्रेक के बाद जरूर लौट रहे हैं, लेकिन उनकी मेहनत और समर्पण उन्हें हमेशा खास बनाता है। उन्हें उम्मीद है कि कोहली पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगे।

डिविलियर्स ने आगे कहा कि कोहली अक्सर ड्रेसिंग रूम में कहते थे कि अगर टीम एक बार ट्रॉफी जीत सकती है, तो वह लगातार दो-तीन बार भी खिताब अपने नाम कर सकती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आरसीबी अब उस स्थिति में पहुंच चुकी है जहां से वह लगातार सफलता हासिल कर सकती है। बता दें कि आरसीबी अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH