InternationalTop News

ईरान का दावा: अमेरिकी F-18 फाइटर जेट मार गिराया, अमेरिका ने बताया झूठ

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी F-18 फाइटर जेट को निशाना बनाकर गिरा दिया है। हालांकि, अमेरिका ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है और इसे झूठ बताया है। ईरान की सरकारी मीडिया प्रेस टीवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिकी F-18 फाइटर जेट को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। वीडियो में एक फाइटर जेट हवा में उड़ता दिखाई देता है, तभी अचानक एक चमकदार रोशनी उस पर हमला करती है। इसके बाद विमान अनियंत्रित होकर नीचे गिरने लगता है और उसके पीछे धुआं निकलता हुआ दिखता है। हालांकि, ईरान ने न तो हमले की जगह का खुलासा किया है और न ही पायलट की स्थिति के बारे में कोई जानकारी दी है।

वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इस दावे को सिरे से नकारते हुए कहा कि ईरान द्वारा किसी भी अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराए जाने की खबर पूरी तरह गलत है। CENTCOM ने स्पष्ट किया कि चाबहार के ऊपर किसी भी अमेरिकी विमान को नुकसान नहीं पहुंचा है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी ईरान इस तरह के दावे करता रहा है। हाल ही में ईरानी मीडिया ने दो बार अमेरिकी F-15 फाइटर जेट गिराने का दावा किया था, जिसे अमेरिका ने खारिज कर दिया था। अमेरिकी सेना के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान उसके लड़ाकू विमानों ने हजारों उड़ानें भरी हैं और किसी भी विमान को नुकसान नहीं पहुंचा है।

इसके अलावा, ईरान ने यह भी दावा किया था कि उसने अमेरिकी F-35 स्टील्थ फाइटर जेट को निशाना बनाया, जिसके बाद उसे इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने केवल इमरजेंसी लैंडिंग की पुष्टि की है और यह साफ नहीं किया है कि विमान को नुकसान दुश्मन के हमले से हुआ या नहीं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH