अयोध्या। तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में खुलकर सामने आए जगतगुरु परमहंस आचार्य ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को अयोध्या में प्रवेश न देने का अल्टीमेटम जारी किया है। यह चेतावनी सीएम योगी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर दी गई है।
जगतगुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग बेहद निंदनीय है और यह किसी संत को शोभा नहीं देता। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद अपने शब्द वापस नहीं लेते और मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उन्हें अयोध्या में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दरअसल, विवाद की शुरुआत मौनी अमावस्या के दिन हुई थी, जब प्रयागराज के संगम क्षेत्र में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को रथ सहित त्रिवेणी संगम घाट जाने से रोक दिया गया था। स्नान की अनुमति न मिलने के बाद उन्होंने पुलिस और मेला प्रशासन पर बर्बरता के आरोप लगाए और इसके विरोध में धरना-प्रदर्शन भी किया। इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कई बयान दिए, जिससे मामला और तूल पकड़ गया।
अब इस विवाद में अयोध्या के वरिष्ठ संत जगतगुरु परमहंस आचार्य की एंट्री से सियासी और धार्मिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी उत्तर प्रदेश और सनातन धर्म के हित में निरंतर कार्य कर रहे हैं और उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां किसी भी रूप में स्वीकार नहीं की जा सकतीं। जगतगुरु परमहंस आचार्य के इस सख्त रुख के बाद पूरे मामले पर संत समाज और प्रशासन की नजरें टिकी हुई हैं, वहीं विवाद के और बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।




