Top NewsUttar Pradesh

कानपुर में लेम्बोर्गिनी हादसा: रईसजादे की कार से 6 लोग कुचले गए, आरोपी शिवम मिश्रा फरार

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक हाई-प्रोफाइल सड़क हादसे ने शहर को झकझोर कर रख दिया। करोड़ों रुपये की लेम्बोर्गिनी कार से 6 लोगों को कुचलने का आरोप शहर के प्रसिद्ध तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा पर लगा है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साई भीड़ ने आरोपी की कार को घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने शिवम मिश्रा को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसके साथ मौजूद बाउंसरों ने धक्का-मुक्की कर भीड़ को हटाया और उसे मौके से सुरक्षित निकाल लिया। घटना के बाद कार को ग्वालटोली पुलिस स्टेशन ने जब्त कर लिया है, जबकि घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन मामला तूल पकड़ने के बाद कथित रूप से कार चला रहे शिवम मिश्रा का नाम एफआईआर में जोड़ा गया। पुलिस जब आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची तो घर का दरवाजा नहीं खोला गया। पुलिस घंटों बाहर खड़ी रही, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

पुलिस को बताया गया कि शिवम मिश्रा अस्पताल में भर्ती है, जबकि जानकारी के अनुसार वह घर पर ही मौजूद था। पुलिस को घर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई, हालांकि कुछ देर बाद एक वकील को घर के अंदर जाते देखा गया। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रभावशाली लोगों को मिलने वाले कथित संरक्षण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।समाजवादी पार्टी प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने इस घटना पर दुख जताते हुए सरकार से निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को पक्षपात नहीं करना चाहिए और कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जब आरोपी प्रभावशाली होते हैं तो न तो तुरंत एफआईआर होती है और न ही सख्त कार्रवाई की जाती है।

यह हादसा रविवार, 8 फरवरी को दोपहर करीब 3.15 बजे ग्वालटोली इलाके में रेव-3 मॉल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे खड़ी रॉयल एनफील्ड से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार करीब 10 फीट हवा में उछल गया। इसके बाद कार बाइक के अगले पहिये के ऊपर चढ़ गई और उसे घसीटते हुए ले गई, अंत में एक बिजली के खंभे से टकराकर कार रुकी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार किया जा रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH