पंजाब के गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर खुली धमकी दी गई है। गैंग से जुड़े बताए जा रहे एक फेसबुक अकाउंट ‘हरि बॉक्सर, टॉयसन बिश्नोई’ के नाम से पोस्ट साझा कर हत्या की घटना पर प्रतिक्रिया दी गई और बदला लेने की बात कही गई।
पोस्ट में हत्या की निंदा और बदले की चेतावनी
फेसबुक पर डाली गई पोस्ट में गुरदासपुर में मारे गए पुलिसकर्मियों एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की हत्या की निंदा की गई। साथ ही लिखा गया कि इस घटना का बदला लिया जाएगा। पोस्ट में कथित तौर पर देशद्रोहियों और आतंकवादियों को चेतावनी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि जो लोग आतंकवादियों का साथ दे रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। संदेश में आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल करते हुए आगे और कार्रवाई की धमकी दी गई है।
गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या
रविवार को पंजाब के गुरदासपुर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित अढियां (आदियां) गांव में दोरांगला थाना क्षेत्र की एक चेक पोस्ट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह चेक पोस्ट सीमा से करीब 1-2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। मृतकों की पहचान असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार के रूप में हुई है। दोनों ‘सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस’ में तैनात थे। पुलिस के अनुसार दोनों के सिर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। एक का शव कुर्सी पर और दूसरे का रजाई में पाया गया, जिससे आशंका है कि वारदात उस समय हुई जब वे आराम कर रहे थे।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल धमकी भरे पोस्ट की भी जांच की जा रही है ताकि उसके स्रोत और सत्यता का पता लगाया जा सके।पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




