नई दिल्ली। चीन के सान्या शहर में कोरोना के चलते हुए लॉकडाउन की वजह से 80 हजार से ज्यादा पर्यटक वहीं फंस गए हैं। अलग-अलग देशों से लोग गए तो वहां छुट्टियां मनाने थे लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चीनी सरकार ने वहां लॉकडाऊन लगा दिया।
अधिकारियों ने पूरे शहर में एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। शनिवार सुबह से सान्या शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर पाबंदी लगा दी गई है और लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। सान्या शहर की आबादी 10 लाख से ज्यादा है। देश के दक्षिणी तट पर स्थित हैनन प्रांत की राजधानी सान्या एक टूरिस्ट स्पॉट है।
कोरोना के मामलों में आए इस अचानक उछाल ने चीन के लिए चुनौतियां बढ़ा दी हैं। अब उसके लिए जीरो कोविड और इकॉनमिक ग्रोथ की पॉलिसी के बीच बैलेंस बनाने में खासी मशक्कत करनी होगी। वहीं इस नए लॉकडाउन के बाद आशंका है कि घरेलू पर्यटन पर काफी बुरा असर पड़ेगा।
बता दें कि एक अगस्त से शनिवार सुबह तक सान्या शहर में कुल 455 कोरोना केस मिले थे। लेकिन बड़े पैमाने पर टेस्ट की शुरुआत होने के बाद अचानक से कोरोना विस्फोट के हालात बन गए। हैनान प्रांत के स्वास्थ्य कमीशन ली वेंग्जिउ ने ग्लोबल टाइम्स को बताया कि यहां पर बीए5.1.3 वैरिएंट है। यह स्थानीय स्तर पर पहली बार पकड़ में आया था और इसकी संक्रमण दर भी काफी ज्यादा है।




