रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा के रायपुर कर्चुलियान से एक ऐसी खबर देखने को मिली जिसने सभी को झकझोर के रख दिया। यहां पर एम्बुलेंस के न मिलने पर चार बेटियां अपनी मां का शव चारपाई पर रखकर ले जाने पर मजबूर हो गई। बताया जा रहा है कि महिला का शव ले जाने के लिए अस्पताल से एंबुलेंस नहीं मिली। जिसके बाद चारों बेटियों ने कंधा देकर मां का शव ले जाना उचित समझा।
मीडिया से बातचीत में रीवा सीएमएचओ बीएल मिश्रा ने कहा कि जिलेभर में शव वाहन की कमी खल रही है। सरकारी स्तर पर कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना अक्सर करना पड़ता है।
जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मौत के बाद महिला के शव को घर ले जाने के लिए परिवार की औरतें एम्बुलेंस का इंतजाम करने लगी, लेकिन उन्हें शव ले जाने के लिए एक भी एम्बुलेंस नहीं मिली। ऐसे में चार महिलाओं ने चारपाई पर शव को रखकर उसे घर पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि रीवा के महसुआ गांव की रहने वाली 80 साल की उम्र में महिला केवट का निधन हो गया था। इन्हें कर्चुलियान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



