न्यूयार्क। न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, Air Canada एक्सप्रेस का एक विमान रनवे पर एक ग्राउंड व्हीकल (दमकल ट्रक) से टकरा गया। इस हादसे में विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों के घायल होने की भी खबर है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस विमान हादसे में पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जैज एयरलाइंस की फ्लाइट 646, जो एक CRJ-900 रीजनल जेट थी, मॉन्ट्रियल से न्यूयॉर्क आ रही थी। लैंडिंग के दौरान विमान की रफ्तार करीब 39 किमी प्रति घंटा थी, तभी वह रनवे पर मौजूद दमकल वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और सभी आने वाली फ्लाइट्स को तुरंत डायवर्ट कर दिया गया। Federal Aviation Administration (FAA) ने आपात स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लागू कर दिया, जिसके तहत सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, कई विमानों को अन्य एयरपोर्ट्स की ओर मोड़ दिया गया या उन्हें वापस भेजना पड़ा। वहीं सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान के अगले हिस्से को ऊपर की ओर झुका हुआ और क्षतिग्रस्त हालत में देखा जा सकता है। फिलहाल हादसे की जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।




