बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मूसलाधार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाराबंकी–हैदरगढ़ मार्ग पर हरख राजा बाजार के पास यात्रियों से भरी रोडवेज बस पर एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा। हादसे में चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पेड़ गिरते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखते-चिल्लाते हुए खिड़कियों से कूदकर जान बचाने की कोशिश करने लगे। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और पेड़ काटकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
इस दौरान बस में फंसी एक महिला यात्री ने वीडियो बनाने वालों को फटकार लगाते हुए कहा, “यहां जिंदगी और मौत का सवाल है, और आप लोग वीडियो बना रहे हैं। मदद करते तो हम बाहर निकल आते।” इसके बाद भीड़ ने वीडियो शूट कर रहे युवक को वहां से हटा दिया।
जानकारी के अनुसार, बस बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी। मृतकों में चालक और महिला शिक्षक भी शामिल हैं, जो छुट्टी के बावजूद उच्चाधिकारियों के आदेश पर स्कूल जा रही थीं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




