Top NewsUttar Pradesh

मुरादाबाद में गैस एजेंसी पर छापा, अनियमितताएं मिलने पर गोदाम सील

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में घरेलू गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलापूर्ति अधिकारी ने शुक्रवार देर रात विभागीय टीम के साथ एक गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम पर छापा मारकर जांच की। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर गोदाम को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा तहसील में स्थित भारत पेट्रोलियम की भावना गैस सर्विस एजेंसी पर की गई। अधिकारियों को यहां एलपीजी गैस सिलेंडरों की हेराफेरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जिलापूर्ति अधिकारी ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

जांच टीम ने पहले एजेंसी के कार्यालय में रिकॉर्ड की जांच की और उसके बाद गैस गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई कमियां पाई गईं, जिनका संतोषजनक जवाब एजेंसी मालिक नहीं दे सके। टीम को गैस बुकिंग और सिलेंडर डिलीवरी से जुड़ी पूरी पर्चियां भी नहीं दिखाई गईं।

जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप के अनुसार, छापेमारी के दौरान एजेंसी मालिक पिछले तीन दिन की गैस बुकिंग की पूरी पर्चियां प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने केवल आधी बुकिंग की पर्चियां ही दिखाईं। इसके अलावा गोदाम में स्टॉक के रूप में मौजूद 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर भी बड़ी संख्या में कम पाए गए, जिसका स्पष्ट जवाब एजेंसी मालिक के पास नहीं था।

अधिकारियों के मुताबिक गोदाम में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण टीम सिलेंडरों की सही गिनती और पूरी जांच नहीं कर पाई। इसी वजह से एहतियात के तौर पर गोदाम को सील कर दिया गया। प्रशासन ने बताया कि दिन में टीम फिर से मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच करेगी। यदि एजेंसी संचालक गैस बुकिंग के रिकॉर्ड और गोदाम से गायब सिलेंडरों का सही हिसाब नहीं दे पाए, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH