नई दिल्ली। साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र की मोदी सरकार देश की जनता को बड़ा तोहफा दे सकती है। खबर है कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पेट्रोल डीजल के दाम में ₹10 प्रति लीटर की कटौती की जा सकती है। इस बारे में वित्त मंत्रालय आखिरी मंजूरी का इंतजार कर रहा है।
सूत्रों ने बताया कि कीमत में कटौती पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री के स्तर पर लिया जाएगा। आखिरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमत पिछले साल मई में कम हुई थी जब वित्त मंत्रालय ने पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में 8 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 6 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी।
वैश्विक बाजार में भी कच्चे तेल की कीमतें गिर रही हैं। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड का भाव 77 डॉलर प्रति बैरल के आसपास चल रहा था। यह पहले के महीनों में 85 से 90 डॉलर की रेंज से कम है, इससे ईंधन की कीमतों में कटौती करना आसान हो गया है।
इस बीच, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संभावित कटौती की खबरों के बीच शुक्रवार के कारोबार में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के शेयर 4 फीसदी तक टूट गए।




