नई दिल्ली/अजमेर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी से तीन राज्यों के दौरे पर हैं। इस दौरे की शुरुआत राजस्थान से होगी, जहां वह करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे गुजरात जाएंगे और फिर दो दिवसीय तमिलनाडु एवं पुडुचेरी दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का भी शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे अजमेर पहुंचेंगे। यहां वे 16,680 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन का देशव्यापी अभियान शुरू करेंगे। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है, जो महिलाओं में कैंसर से जुड़ी प्रमुख बीमारियों में से एक है। सरकार का मानना है कि यह अभियान महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
राजस्थान में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें बांदीकुई से जयपुर तक 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर के पैकेज-7 के तहत 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-14 में 8-लेन कैरिजवे शामिल हैं। इसके अलावा जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मंगरोल-बारां स्टेट हाईवे का शिलान्यास भी किया जाएगा।
पेयजल परियोजनाओं के तहत नोनेरा मेजर ड्रिंकिंग वॉटर प्रोजेक्ट के चार पैकेज और परवन अकवाड़ मेजर ड्रिंकिंग वॉटर प्रोजेक्ट के पांच पैकेज का शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही राजस्थान में रिन्यूएबल एनर्जी जोन से बिजली निकासी के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम का उद्घाटन होगा। प्रधानमंत्री पांच 220 केवी और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन तथा उनसे जुड़ी ट्रांसमिशन लाइनों की आधारशिला भी रखेंगे। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
अजमेर कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:45 बजे गुजरात के साणंद पहुंचेंगे। यहां वे माइक्रोन टेक्नोलॉजी की सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग और पैकेजिंग (एटीएमपी) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। 22,516 करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्लांट में पहली बार भारत में निर्मित सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल्स का व्यावसायिक उत्पादन और शिपमेंट शुरू होगा। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।इसके बाद प्रधानमंत्री दो दिन के तमिलनाडु और पुडुचेरी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और मदुरै में एम्स का उद्घाटन करेंगे।




