नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया. उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि.” इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुआ था. वह देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और कमला नेहरू की बेटी थीं. उनके दादा मोतीलाल नेहरू ने उनका नाम इंदिरा रखा था, जबकि बाद में उनके पिता ने नाम के साथ प्रियदर्शिनी जोड़ दिया. इस तरह वह इंदिरा प्रियदर्शिनी गांधी के नाम से पहचानी गईं.
देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं इंदिरा गांधी
इंदिरा गांधी ने भारतीय राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई. वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं और लगातार तीन कार्यकाल तक इस पद पर रहीं. उन्होंने पहली बार 1966 में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद 1977 तक देश का नेतृत्व किया. 1980 में एक बार फिर सत्ता में वापसी की और 31 अक्टूबर 1984 तक प्रधानमंत्री पद पर बनी रहीं. उनके राजनीतिक कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए. हालांकि, कुछ निर्णयों को लेकर उन्हें कड़े राजनीतिक विरोध का भी सामना करना पड़ा. इनमें वर्ष 1975 में देश में लगाया गया आपातकाल सबसे ज्यादा चर्चित रहा. आपातकाल के दौरान नागरिक अधिकारों और राजनीतिक गतिविधियों पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई थीं. इसके बाद 1977 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा और इंदिरा गांधी की सत्ता चली गई.
ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद हुई थी इंदिरा गांधी की हत्या
इंदिरा गांधी के राजनीतिक जीवन का एक और बड़ा घटनाक्रम जून 1984 में सामने आया, जब अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर में ऑपरेशन ब्लू स्टार चलाया गया. इस सैन्य कार्रवाई के कुछ महीने बाद 31 अक्टूबर 1984 को नई दिल्ली में उनके दो सिख अंगरक्षकों ने उनकी हत्या कर दी थी. इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था.
इंदिरा गांधी हत्याकांड के दोषी के बेटे को मिला चुनावी टिकट
इंदिरा गांधी की जयंती के बीच पंजाब की राजनीति से जुड़ा एक घटनाक्रम भी चर्चा में है. वारिस पंजाब दे संगठन ने पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे सतवंत सिंह को पंजाब विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार घोषित किया है. संगठन ने सतवंत सिंह को बस्सी पठाना विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है. गौरतलब है कि केहर सिंह को इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश में दोषी ठहराया गया था और बाद में उन्हें फांसी की सजा दी गई थी. इस फैसले के बाद पंजाब की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है. एक ओर इंदिरा गांधी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी, वहीं दूसरी ओर उनके हत्याकांड से जुड़े दोषी के परिवार के सदस्य को चुनावी मैदान में उतारने का मुद्दा राजनीतिक चर्चा में आ गया है.




