National

पीएम मोदी का केजरीवाल पर तीखा हमला, कहा- मैं खुद यमुना का पानी पीता हूं

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच यमुना को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा की भाजपा सरकार यमुना के पानी में जहर मिला रही है। इस पर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है।

पीएम मोदी ने दिल्ली के मतदाताओं कहा कि हरियाणा का भेजा हुआ यही पानी दिल्ली में रहने वाला हर कोई पीता है, पिछले 11 साल से ये प्रधानमंत्री भी पीते हैं। सभी न्यायमूर्ति और बाकी सभी सम्मानित लोग भी पीते हैं। पीएम मोदी ने कहा, “आप-दा वाले कह रहे हैं कि हरियाणा वाले दिल्ली के पानी में जहर मिलाते हैं। ये सिर्फ हरियाणा का नहीं बल्कि भारतीयों का अपमान है, हमारे संस्कारों का अपमान, हमारे चरित्र का अपमान है। ये वो देश है, जहां पानी पिलाना धर्म माना जाता है। ऐसी ओछी बातें करने वालों को दिल्ली इस बार सबक सिखाएगी। इन आप-दा वालों की लुटिया यमुना में ही डूबेगी।”

पीएम मोदी ने आगे कहा कि क्या कोई यह सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा बीजेपी की सरकार ने पानी में जहर डाल दिया। क्या बोल रहे हो? मेरे दिल्लीवासियों गलती माफ करना भारत के लोगों का उदार चरित्र है लेकिन जानबूझकर पाप करने वालों को न दिल्ली और न ही देश माफ करता है।

उन्होंने कहा कि अगर BJP दुर्गम गांवों में नल से जल पहुंचा सकती है, तो दिल्ली के हर घर को भी नल से साफ जल दे सकती है। आपदा वालों ने दिल्ली वालों को पानी माफिया के भरोसे छोड़ दिया। इन लोगों ने तीन चुनाव में यमुना जी की सफाई के नाम पर वोट मांगे हैं। अब इनकी बेशर्मी देखिये, इनकी ये कहने की हिम्मत है कि यमुना जी से वोट कहां मिलता है, ये चौंकाने वाला चरित्र है। उन्होंने कहा कि ये दिल्ली वालों को पानी के लिए तरसाना चाहते हैं। ये चाहते हैं, हमारे पूर्वांचली साथी साल गंदगी में छठी मैया की पूजा करें।

पीएम मोदी ने कहा कि पूरी दिल्ली आज कह रही है – 5 फरवरी आएगी, AAP-दा जाएगी, भाजपा आएगी। दिल्ली के करोड़ों नागरिक सुबह शाम अपनी पीड़ा व्यक्त करते हैं। ये 21वीं सदी है, इसके 25 साल बीत चुके हैं। उसमें कांग्रेस का कार्यकाल भी देखा है, फिर 11 साल AAP-दा सरकार को दिए। लेकिन दिल्ली की समस्या तो वहीं की वहीं है। 25 साल में इन दोनों ने आपकी दो-दो पीढ़ी को बर्बाद कर दिया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH