Top NewsUttar Pradesh

लोनी में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: Ex-मुस्लिम सलीम पर हमले का आरोपी ढेर, थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी घायल

नई दिल्ली। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी मारा गया। यह कार्रवाई लोनी थाना इलाके में की गई।पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान लोनी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए। वहीं, कॉन्स्टेबल विपिन कुमार और सचिन कुमार की बांह में गोली लगी है। दोनों का इलाज कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

करीब 10 मिनट चली फायरिंग

एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बाइक से इलाके में घूम रहा है। घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। लगभग 10 मिनट तक चली इस मुठभेड़ में आरोपी की ओर से करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अमरोहा का रहने वाला था आरोपी

मृतक की पहचान जीशान, निवासी नगला सैफी, जिला अमरोहा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सलीम पर चाकू से हमला करने वाला वही शख्स था। सीसीटीवी फुटेज में वह बाइक पर पीछे बैठा दिखाई दिया था और कुर्ता-पायजामा पहने हुए था। पुलिस ने उसके पास से एक चाकू, पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद की है।

दिनदहाड़े हुआ था हमला

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह लोनी थाना क्षेत्र में सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े हमला किया गया था। बाइक सवार दो हमलावरों ने धारदार हथियार से उनके गले और पेट पर कई वार किए थे। गंभीर रूप से घायल सलीम मौके पर ही गिर पड़े थे। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH