मुर्शिदाबाद में बन रही एक नई मस्जिद के निर्माण के विरोध में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कई चौराहों पर पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में 10 फरवरी को मुर्शिदाबाद कूच का आह्वान किया गया है। यह पोस्टर विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से लगाए जाने का दावा किया गया है।
पोस्टरों में पश्चिम बंगाल के नेता हुमायूं कबीर को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है और उन्हें चुनौती देने वाले नारे लिखे गए हैं। साथ ही, पोस्टरों में ‘बंटोगे तो कटोगे’ जैसे विवादित नारे भी शामिल हैं। इन पोस्टरों में हुमायूं कबीर को मुगल आक्रांता के रूप में दर्शाया गया है, जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर भी लगाई गई है। लखनऊ के 1090 चौराहा, अंबेडकर चौराहा, हजरतगंज सहित शहर के कई इलाकों में ये पोस्टर नजर आए हैं।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय की ओर से लोगों से मुर्शिदाबाद पहुंचने की अपील की गई है। पोस्टरों में मस्जिद निर्माण को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए इसे ‘नई बाबरी’ बताया गया है और आंदोलन तेज करने की बात कही गई है। पोस्टरों के सामने आने के बाद प्रशासन और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, जबकि मामले को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी नजर रखी जा रही है।




