Top NewsUttar Pradesh

प्रतिष्ठा द्वादशी महोत्सव: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर भव्य आयोजन

आज 31 दिसंबर को धर्मनगरी अयोध्या एक बार फिर इतिहास के स्वर्णिम अध्याय की साक्षी बन रही है। प्रभु श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राम जन्मभूमि परिसर में भव्य ‘प्रतिष्ठा द्वादशी महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अवसर न केवल आध्यात्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि भारतीय संस्कृति और चेतना के पुनरुत्थान का प्रतीक भी माना जा रहा है।

इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने के लिए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज सुबह 11 बजे राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अयोध्या में उनकी अगवानी करेंगे। हिंदू पंचांग के अनुसार आज पौष शुक्ल द्वादशी है। वर्ष 2024 में इसी तिथि को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ था। राम मंदिर में प्रतिष्ठा द्वादशी के अनुष्ठान सोमवार से ही आरंभ हो गए थे। सुबह 8 बजे पूजा-अर्चना के साथ श्रीरामचरितमानस का पाठ शुरू हुआ। दोपहर ढाई बजे के बाद गद्गुरु रामदिनेशाचार्य ने रामकथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को रामभक्ति का रसपान कराया।

महोत्सव के तहत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मां अन्नपूर्णा मंदिर के नवनिर्मित शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद राम मंदिर के निकास द्वार के समीप स्थित ऐतिहासिक अंगद टीला पर राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं रामलला के दरबार में विशेष आरती और भोग का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में वीआईपी आगमन और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरी अयोध्या नगरी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अयोध्या धाम को 5 जोन और 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH