NationalTop News

जगन्नाथ रथ यात्रा के शुरू होने पर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को वार्षिक भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के शुरू होने के अवसर पर भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘पवित्र रथ यात्रा के अवसर पर मैं भारत और विदेशों में रहने वाले भगवान जगन्नाथ के भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। रथ पर भगवान बलभद्र, भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और चक्रराज सुदर्शन के दर्शन करके लाखों भक्तों को दिव्य आनंद की अनुभूति होती है।’

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में वैश्विक शांति, मैत्री और सद्भाव के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, ‘देवताओं की मानवीय दिव्य लीला ही रथ यात्रा की विशेषता है। इस शुभ अवसर पर मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि पूरे विश्व में शांति, मैत्री और सद्भाव कायम रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा शुरू होने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो को शेयर करने के साथ ही पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के पवित्र अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं। श्रद्धा और भक्ति का यह पावन उत्सव हर किसी के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, यही कामना है। जय जगन्नाथ!

इससे पहले आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए इस त्योहार को आस्था और भक्ति का अनूठा संगम बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में शाह ने रथ यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भक्ति, संस्कृति और विरासत को संजोते हुए आगे बढ़ने का सार प्रस्तुत करती है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH