नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक नया इतिहास रच दिया है। उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 100 मिलियन यानी 10 करोड़ फॉलोअर्स पूरे हो गए हैं। इसी के साथ वह इस मंच पर 10 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले राजनेता बन गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी साल 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे। पिछले एक दशक में उनका अकाउंट विश्व नेताओं के बीच सबसे अधिक सक्रिय और प्रभावशाली डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में शामिल हो गया है। उनकी सोशल मीडिया उपस्थिति न केवल भारत में, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी मजबूत मानी जाती है। कई बड़े वैश्विक नेताओं के कुल फॉलोअर्स की संख्या भी मोदी के अकेले फॉलोअर्स से कम बताई जा रही है।
लिस्ट में दूसरे स्थान पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं, जिनके 43.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। तीसरे नंबर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो 15 मिलियन फॉलोअर्स के साथ मौजूद हैं। चौथे स्थान पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा 14.4 मिलियन फॉलोअर्स के साथ हैं। वहीं तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन 11.6 मिलियन फॉलोअर्स के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
यह आंकड़ा प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक पहुंच और खासकर युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है। भारत के भीतर भी अन्य नेताओं की तुलना में उनके फॉलोअर्स की संख्या काफी अधिक है।भारत में प्रधानमंत्री मोदी के बाद दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं, जिनके 16.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। तीसरे स्थान पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हैं, जिनके 12.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं।




