RegionalTop News

संगरूर दौरे के दौरान बिगड़ी पंजाब सीएम भगवंत मान की तबीयत, एयरलिफ्ट कर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई। वह संगरूर में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सदस्य राजिंदर गुप्ता के साथ कार्यक्रम में मौजूद थे। तबीयत खराब होने पर उन्हें एयरलिफ्ट कर मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती कराया गया।

अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि मुख्यमंत्री नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे। जांच के दौरान उनके सभी जीवन रक्षक मानक सामान्य और स्थिर पाए गए। फिलहाल उन्हें अत्यधिक थकावट की शिकायत है, जिसके चलते एहतियातन निगरानी में रखा गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहु-विषयक टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है ताकि सभी जांच रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर अंतिम निर्णय ले सकें। अस्पताल में भर्ती होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। परिसर और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव भी अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री संगरूर दौरे पर थे। इससे पहले उन्होंने महाशिवरात्रि के अवसर पर धूरी स्थित प्राचीन श्री रणकेश्वर मंदिर में अरविंद केजरीवाल के साथ पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें एहतियातन मोहाली लाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH