पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को घोषणा की कि उनकी सरकार आठ मार्च को अपना पांचवां बजट पेश करेगी। उन्होंने कहा कि यह बजट एक बार फिर जनहितैषी होगा और समाज के हर वर्ग के कल्याण पर केंद्रित रहेगा। मान ने यह घोषणा अहमदाबाद दौरे के दौरान की। वह अरविंद केजरीवाल के साथ गुजरात के दौरे पर थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने लगातार नागरिक-केंद्रित और जनहित में फैसले लेकर राज्य की दिशा बदलने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब सरकार मार्च में अपना पांचवां बजट पेश करेगी और हम सभी के कल्याण के उद्देश्य से जनहितैषी बजट पेश करने की अपनी परंपरा को जारी रखेंगे। हमारा एकमात्र लक्ष्य आम आदमी का कल्याण सुनिश्चित करना है और आगामी बजट से लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा। मान ने लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जनता की, जनता के लिए और जनता द्वारा होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज विपक्ष की आवाज दबाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जैसे विभिन्न फूलों से गुलदस्ता सुंदर बनता है, वैसे ही लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब हर आवाज को सुना जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार विकास के लिए धन आवंटन में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करती। उन्होंने दावा किया कि जहां भी आम आदमी पार्टी की सरकार है, वहां करदाताओं के पैसे का उपयोग पारदर्शिता और जनकल्याण के लिए किया गया है।मान ने प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को अब दिन के समय भी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।




