NationalTop News

केरल में राहुल गांधी की पांच गारंटी, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और छात्राओं को 1000 रुपये देने का वादा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनावी राज्य केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की ओर से पांच बड़ी गारंटी की घोषणा की है। इन घोषणाओं में महिलाओं के लिए केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (केएसआरटीसी) की बसों में मुफ्त यात्रा और कॉलेज जाने वाली छात्राओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा शामिल है।

राहुल गांधी ने कहा कि यदि केरल में यूडीएफ की सरकार बनती है तो राज्य की सभी महिलाओं को केएसआरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा कॉलेज जाने वाली छात्राओं को हर महीने 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य में मिलने वाली कल्याणकारी पेंशन की राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति माह कर दी जाएगी।

तिरुवनंतपुरम में ‘पुथुयुग यात्रा’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नाम पर एक नई स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाएगा।

इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने युवाओं और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहित करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि इससे युवा अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे और छोटे उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और उनके कल्याण के लिए एक विशेष मंत्री नियुक्त किया जाएगा, जो बुजुर्गों से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं की निगरानी करेगा।

उन्होंने कहा कि यूडीएफ एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है और उसका लक्ष्य राज्य में भ्रष्ट सीपीएम सरकार को हराना है। राहुल गांधी ने भरोसा जताया कि यूडीएफ के नेतृत्व में केरल के लोगों के लिए बेहतर भविष्य की मजबूत नींव रखी जाएगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH