आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला आज 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि इस हाई-वोल्टेज मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिन के समय तेज बारिश की संभावना है, जबकि शाम तक मौसम में आंशिक सुधार हो सकता है। ऐसे में मुकाबले के पूरे 20-20 ओवर होने पर संशय बना हुआ है।
दोनों टीमों की मजबूत शुरुआत
डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। टीम इंडिया ने पहले अमेरिका को हराया और फिर नामीबिया को 93 रनों से मात देकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। दूसरी ओर पाकिस्तान की शुरुआत नीदरलैंड के खिलाफ थोड़ी संघर्षपूर्ण रही, लेकिन टीम ने करीबी मुकाबला अपने नाम किया। इसके बाद पाकिस्तान ने अमेरिका को आसानी से हराकर आत्मविश्वास हासिल किया।
बारिश हुई तो क्या होगा?
आईसीसी के नियमों के मुताबिक किसी भी मैच का नतीजा निकलने के लिए दोनों टीमों का कम से कम 5-5 ओवर खेलना अनिवार्य है। यदि लगातार बारिश के कारण इतना खेल भी संभव नहीं हो पाता, तो मुकाबला रद्द घोषित कर दिया जाएगा। चूंकि ग्रुप स्टेज में रिजर्व डे का प्रावधान नहीं है, ऐसे में मैच रद्द होने पर दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल जाएगा।मैच रद्द होने की स्थिति में असर केवल अंक तालिका तक सीमित नहीं रहेगा। प्रसारणकर्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है और दर्शकों को टिकट रिफंड भी देना पड़ सकता है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि कोलंबो के आसमान पर भी टिकी हैं।




