NationalTop News

राजा रघुवंशी हत्याकांड: राज कुशवाहा की बहन बोली – मेरा भाई निर्दोष, सोनम को दीदी बोलता था

इंदौर। राजा रघुवंशी हत्याकांड में गिरफ्तार राज कुशवाहा को लेकर उसके परिवार ने बड़ा बयान दिया है। राज की बहन और मां ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उनका बेटा/भाई निर्दोष है और उसे जानबूझकर फंसाया जा रहा है। राज की बहन ने कहा, “मेरा भाई ऐसा नहीं कर सकता। वह सोनम को ‘दीदी’ कहकर बुलाता था। दोनों के बीच मालिक-नौकर जैसा रिश्ता था, ऐसे में उनके रिश्ते को लेकर जो बातें हो रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं।”

परिवार का कहना है कि राज ही घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। बहन ने सवाल उठाया कि अगर राज जेल में रहेगा, तो उनके परिवार का भरण-पोषण कैसे होगा? उन्होंने बताया कि उनके पिता का निधन कोरोना काल में हो गया था और अब मां और तीन बहनों की पूरी जिम्मेदारी राज पर ही थी। मां ने भी बेटे की गिरफ्तारी को लेकर सवाल खड़े किए और पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। उनका कहना है, “मेरे बेटे को जानने वाला कोई भी यह विश्वास नहीं कर सकता कि वह ऐसी घटना को अंजाम दे सकता है।”

राज के शिलॉन्ग भागने की बात को भी परिवार ने सिरे से नकारते हुए कहा कि वह इंदौर में ही था और किसी साजिश के तहत उसे फंसाया जा रहा है। इस बीच पुलिस जांच में सोनम और राज कुशवाहा के बीच लगातार बातचीत के कॉल डिटेल्स सामने आए हैं, जो मामले में एक अहम सुराग माने जा रहे हैं। इन्हीं आधारों पर शिलॉन्ग और इंदौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राज को हिरासत में लिया गया।

वहीं, मुख्य आरोपी सोनम इस वक्त मेघालय पुलिस की हिरासत में है। उसे पटना के फुलवारी शरीफ थाने में रखा गया है और मंगलवार को गुवाहाटी होते हुए सड़क मार्ग से शिलॉन्ग ले जाया जाएगा। पूछताछ के लिए मेघालय पुलिस ने सोनम की 5 दिन की ट्रांजिट रिमांड ली है।
गौरतलब है कि राजा रघुवंशी और सोनम 23 मई से लापता थे। 2 जून को राजा का शव मेघालय के वेइसाडोंग पार्किंग लॉट के पास एक गहरी खाई से बरामद हुआ। इसके बाद यह मामला गुमशुदगी से बदलकर हत्या की जांच में तब्दील हो गया। सोनम ने 8 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आत्मसमर्पण किया था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH