लखनऊ। कार्डिएक अरेस्ट के बाद अस्पताल में भर्ती स्टैंडअप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उनके इलाज में एम्स के 11 डॉक्टरों की टीम लगी हुई है। कॉमेडियन के भतीजे ने उनका हेल्थ अपडेट दिया और बताया कि उन्होंने अपने हाथ-पैर हिलाए हैं। डॉक्टर का भी कहना है कि उनमें पॉजिटिव संकेत देखने को मिल रहे हैं। राजू के भतीजे कौशल ने कहा, ‘मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। राजू जी की तबीयत धीरे-धीरे पहले से बेहतर हो रही है। डॉक्टरों का भी कहना है कि वह पॉजिटिव रिस्पांस दे रहे हैं। साथ ही उनकी रिपोर्ट में भी कुछ नेगेटिव नहीं आया है, जो अपने आप में एक पॉजिटिव साइन दे रहा है। वहीं, डॉक्टर ने हमें बताया है कि उन्होंने अपने हाथ-पैर भी हिलाए हैं।’
बता दें कि, राजू श्रीवास्तव अपने जमाने के मशहूर और सबसे पॉपुलर कॉमेडियन रहे हैं। टीवी पर उनको हर रियलिटी शो और अवॉर्ड फंक्शन में परफॉर्म करते देखा जाता था। उनका कॉमिक कैरेक्टर गजोधर भैया काफी फेमस रहा है। राजू आम और गरीब जनता के बीच से कहानियां लाकर दर्शकों को हंसाते रहे हैं।
राजू श्रीवास्तव के हार्ट अटैक होने पर फैंस उनके जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं। आम लोगों के चहेते कॉमेडियन के लिए फैंस सोशल मीडिया पर जल्दी रिकवरी की दुआएं मांग रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग #rajushrivastav के साथ उनके जल्दी ठीक होकर लौटने की दुआं करके पोस्ट कर रहे हैं।




