RegionalTop News

रांची को दो और नए फ्लाईओवर की सौगात, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी मंजूरी

रांची। रांचीवासियों को जल्द ही दो और नए फ्लाईओवर की सौगात मिलने वाली है। कांटाटोली, सिरम टोली और रातू रोड फ्लाईओवर के बाद अब अरगोड़ा से चापू टोली और करमटोली से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन दोनों परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है और अधिकारियों को जल्द से जल्द डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने का निर्देश दिया है।

कहां-कहां बनेंगे फ्लाईओवर

अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ होते हुए चापू टोली तक करीब 1.75 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जाएगा।

करमटोली से मोरहाबादी होते हुए साइंस सिटी तक 2.2 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने की योजना है।

इसके अलावा, रांची रेलवे स्टेशन (सेकेंड एप्रोच) से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक 4.7 किलोमीटर लंबी वैकल्पिक चार लेन सड़क और 800 मीटर की एलिवेटेड रोड का भी निर्माण होगा। साथ ही साइंस सिटी से रिंग रोड तक एक और चौड़ी सड़क बनाने की योजना को भी स्वीकृति दी गई है।

मिनट में एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन का सफर

फिलहाल रांची रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट पहुंचने में करीब 25 मिनट का समय लगता है, और रास्ते में जाम की वजह से यात्रियों को खासी परेशानी होती है। लेकिन नए फ्लाईओवर और सड़क परियोजना के पूरा होने के बाद यह दूरी महज 5 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे न सिर्फ ट्रैफिक का दबाव कम होगा बल्कि लोगों को भी काफी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा है कि राज्य के अन्य शहरों में भी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इसी तरह की योजनाएं तैयार की जाएं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH