SportsTop News

RCB ने वुमेंस प्रीमियर लीग 2026 का खिताब जीता, विराट कोहली ने टीम को बधाई दी

वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह RCB की WPL में दूसरी ट्रॉफी है। चैंपियन बनने के बाद टीम को क्रिकेट जगत के दिग्गजों और फैंस से बधाइयां मिल रही हैं।

इस मौके पर विराट कोहली ने भी RCB महिला टीम की इस शानदार उपलब्धि के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर टीम के सेलिब्रेशन की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि “हम फिर से चैंपियन बन गए हैं। टीम के खिलाड़ियों ने RCB का झंडा बुलंद रखा है और यह एक ऐसी उपलब्धि है, जिस पर आप सभी गर्व कर सकते हैं। स्मृति मंधाना, पूरी टीम और टीम मैनेजमेंट को इस शानदार जीत के लिए हार्दिक बधाई। आप सभी इस जीत के हकदार हैं। इस पल का आनंद लें और हमारे अद्भुत फैंस के प्यार को महसूस करें।”

RCB की मेंस टीम भी आईपीएल की डिफेंडिंग चैंपियन है। यह पहली बार है कि किसी फ्रेंचाइजी ने IPL और WPL दोनों में टाइटल एक साथ जीते हैं। RCB की यह तीन साल में लगातार तीसरी ट्रॉफी है 2024 में WPL, 2025 में IPL और 2026 में फिर WPL। विराट कोहली आईपीएल की शुरुआत से ही RCB का हिस्सा रहे हैं और 17 साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद टीम के साथ IPL ट्रॉफी जीतने का अनुभव साझा कर चुके हैं।

विराट कोहली ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन अब वह सिर्फ IPL और वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं। आईपीएल 2026 में भी वह RCB के लिए खेलेंगे और अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखने की कोशिश करेंगे। फ्रेंचाइजी इस सीजन IPL टाइटल को डिफेंड करने की पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH