उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सिंचाई विभाग के तहत सहायक बोरिंग टेक्नीशियन के 402 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक उम्मीदवार 15 अप्रैल 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने और उसमें संशोधन करने की अंतिम तिथि 12 मई 2026 निर्धारित की गई है।
भर्ती में पदों का वर्गवार बंटवारा भी तय किया गया है। सामान्य वर्ग के लिए 163 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 40 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 107 पद, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 82 और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 10 पद आरक्षित किए गए हैं।
योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का हाईस्कूल (10वीं) पास होना जरूरी है। साथ ही नलकूप मैकेनिक, मशीनिस्ट, फिटर, वायरमैन या टर्नर ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष तय की गई है, जबकि आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। आवेदन शुल्क मात्र 25 रुपये रखा गया है।
चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक पात्रता परीक्षा 2025 के अंकों को आधार बनाया जाएगा। PET में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और अंतिम चयन मुख्य परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगा। चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-2 के अनुसार 19,900 रुपये से 63,200 रुपये तक वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य सरकारी भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आयोग की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करना होगा, फिर लॉगिन कर फॉर्म भरना होगा। सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने और शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। भविष्य के लिए आवेदन का प्रिंटआउट सुरक्षित रखना जरूरी है।




