मुंबई। मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा, जिससे सड़क पर खड़ी और गुजर रही कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। एक ऑटो रिक्शा पर भारी कंक्रीट का टुकड़ा गिरने से उसमें सवार चार लोग घायल हो गए।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:20 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गिरा हुआ ढांचा काफी भारी था, जिससे ऑटो का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए एलबीएस रोड पर यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के अधिकारी, वार्ड प्रशासन और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। बचाव दल ने तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रारंभिक जांच में पिलर की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य में तकनीकी खामी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई हो सकती है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगा। मेट्रो परियोजना से जुड़े इंजीनियरों और संबंधित ठेकेदार कंपनी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश देने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मलबा हटाने और स्थिति सामान्य करने का काम जारी है।




