अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के टपूकड़ा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक गत्ता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग में झुलसकर कम से कम सात मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
यह हादसा भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या जी-1-118 बी में सुबह करीब 9 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय फैक्ट्री में लगभग 25 मजदूर काम कर रहे थे। सुबह 9 बजकर 22 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष से रीको फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फैक्ट्री परिसर से सात जले हुए शव बरामद किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि कई शव मानव कंकाल जैसी अवस्था में मिले। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने सात मजदूरों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। अतिरिक्त जिलाधिकारी सुमिता मिश्रा ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान फैक्ट्री में आग लगी देखी गई, जिसके बाद तत्काल राहत अभियान शुरू किया गया। उनके अनुसार फैक्ट्री में नौ लोग फंसे होने की सूचना थी, जिनमें से सात के शव अब तक निकाले जा चुके हैं।
घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री को आग लगने की संभावनाओं पर भी जांच की जा रही है।




