सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यूपी बोर्ड की परीक्षा देने पहुंचे 17 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, चिल्हिया थाना क्षेत्र के ग्राम बभनी (पोस्ट उदयराज) निवासी रवि यादव 12वीं कक्षा का छात्र था। बुधवार 18 फरवरी को वह दूसरी पाली में हिंदी विषय की परीक्षा देने के लिए गायत्री पब्लिक स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचा था। जैसे ही वह मुख्य गेट के पास पहुंचा, उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों के अनुसार, रवि पूरी तरह स्वस्थ था और किसी गंभीर बीमारी की जानकारी पहले नहीं थी। पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने के कारण मौत की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई है। परिवार ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में युवाओं में अचानक हार्ट अटैक के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बैडमिंटन खेलते समय कारोबारी अमृत बजाज की भी अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह खेल के दौरान अचानक गिरते दिखाई दिए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं लोगों में चिंता बढ़ा रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बदलती जीवनशैली, तनाव और स्वास्थ्य जांच की अनदेखी भी कम उम्र में हृदय संबंधी समस्याओं का कारण बन सकती है।




