मुंबई नगर निगम चुनाव में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय हो गए हैं और अब सिर्फ औपचारिकताएं बाकी हैं। बीजेपी की ओर से मेयर पद के लिए रीतू तावड़े का नाम चुना गया है, जो जल्द ही नामांकन भरेंगी। डिप्टी मेयर पद के लिए शिवसेना की ओर से संजय घाड़ी नामांकन करेंगे, जिनका कार्यकाल सवा साल का होगा। बीएमसी के बीजेपी कार्यालय में मेयर के नाम के ऐलान से पहले 10 पंडितों द्वारा वेद मंत्रों का उच्चारण और शंखनाद किया गया। यह पहली बार होगा जब बीजेपी का मेयर बीएमसी में चुना जाएगा।
रीतु तावड़े घाटकोपर से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वे पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष और वर्तमान में महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं। मराठा समुदाय से होने के बावजूद, उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में अपनी पकड़ बनाई है। रीतू ने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा और पार्टी में लगातार मजबूत होती गईं।
बीएमसी चुनाव 15 जनवरी 2026 को हुए थे, जिसमें बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के महायुति गठबंधन को बहुमत मिला। बीजेपी ने लगभग 89 सीटें और शिवसेना शिंदे गुट ने 29 सीटें जीतीं। कुल मिलाकर महायुति के पास 118 से अधिक सीटें हैं। 227 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए 114 सीटें चाहिए। पिछले चार साल से बीएमसी में प्रशासक शासन था। इस बार मेयर पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित था और लॉटरी के जरिए रीतू तावड़े का नाम चुना गया।




